किसानहित में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की अवधि और लक्ष्य बढ़ाया

( 267 बार पढ़ी गयी)
Published on : 08 Jun, 26 11:06

श्रीगंगानगर। किसानहित में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं खरीद की अवधि और लक्ष्य बढ़ा दिए हैं। अब जिले में 12 जून तक समर्थन मूल्य पर किसानों से 6.70 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद होगी। जन भावना और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
जिला रसद अधिकारी श्रीमती कविता सिहाग ने बताया कि जिले में अब 12 जून 2026 तक समर्थन मूल्य पर किसानों से 6 लाख 70 हजार 324 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद होगी। अब तक जिले में 5 लाख 82 हजार 876 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। जिला निर्धारित लक्ष्य का 87 प्रतिशत हासिल कर चुका है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 89 हजार 332 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 58 हजार 858 किसानों को खरीद प्रक्रिया का लाभ मिला है तथा 52 हजार 412 किसानों को उनकी उपज का भुगतान किया जा चुका है। किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले में 56 खरीद केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों पर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। खरीद केन्द्रों पर पारदर्शी व्यवस्था, तौल, गुणवत्ता परीक्षण तथा भुगतान प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि अब तक 5 लाख 15 हजार 818 मीट्रिक टन गेहूं का उठाव किया जा चुका है। इससे खरीद केन्द्रों पर भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था बनी हुई है और आगामी खरीद कार्य निर्बाध रूप से जारी है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिन किसानों ने अभी तक अपनी उपज एमएसपी पर नहीं बेची है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निकटतम खरीद केन्द्र पर पहुंचकर सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं। राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.