विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित

( 1069 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Jun, 26 11:06

विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित

श्री बांके बिहारी मंदिर में प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विकसित भारत के लिए हुई विशेष आराधना

जैसलमेर  देवस्थान विभाग राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में बुधवार को जैसलमेर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल मंदिर पैलेस स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों के कल्याण की मंगलकामना की। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा, जहां श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान कीर्तनकार कमल किशोर आचार्य द्वारा श्री बांके बिहारी के भजनों एवं संकीर्तन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा एवं उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। मंदिर के मुख्य पुजारी बृजमोहन रंगा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न करवाए।

इस अवसर पर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विगत 12 वर्षों में समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा अनेक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेशभर के मंदिरों में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण एवं सामाजिक समरसता के लिए सामूहिक प्रार्थना करना है।

समाजसेवी कँवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराने, किसानों के उत्थान तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास के क्षेत्र में केंद्र सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देशभर में देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर देवस्थान विभाग के प्रबंधक डॉ. उमेश चंद्र पुरोहित, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, समाजसेवी मनोहर सिंह दामोदरा, महेंद्र सिंह तंवर, श्याम सिंह देवड़ा, भोजराज सिंह, चंद्र प्रकाश पुरोहित, जय प्रकाश आचार्य सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, श्रद्धालुजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.