11 जून आज से सभी ब्लॉकों में लगेंगे अटल जन सेवा शिविर, आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

( 451 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Jun, 26 11:06

जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज 11 जून, द्वितीय गुरुवार को जिले के समस्त ब्लॉकों में प्रातः 10 बजे से अटल जन सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

         सहायक निदेशक लोक सेवाएंें जैसलमेर सत्यप्रकाश खत्री ने बताया कि इन ब्लॉक स्तरीय शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा ताकि जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सके। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व में आयोजित अटल जन सेवा शिविरों तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित एवं असंतुष्ट प्रकरणों को निकालकर चिन्हित किया जाए और उन्हें जनसुनवाई में प्राथमिकता के साथ शामिल किया जाए।

      उन्होंने कहा कि संबंधित परिवादियों को फोन, मैसेज अथवा अन्य माध्यमों से पूर्व सूचना देकर शिविर में उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

      सहायक निदेशक ने बताया कि शिविरों में प्राप्त होने वाले सभी प्रकरणों को संबंधित अधिकारी तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से राजस्थान संपर्क पोर्टल पर निर्धारित ईवेंट में दर्ज करवाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अटल जन सेवा शिविरों का आमजन में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस पहल का लाभ उठा सकें।

       उन्होंने निर्देश दिए कि अटल जन सेवा शिविरों में उपखण्ड स्तरीय सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

       उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारी शिविरों के सफल आयोजन के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण करते हुए जनसुनवाई को परिणाममुखी बनाएं, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान हो सके।           


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.