विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित

( 414 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Jun, 26 19:06

विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित

  जैसलमेर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पश्चिम राजस्थान के विख्यात लोकतीर्थ बाबा रामदेवरा में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं देशभर से आए श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाते हुए राष्ट्र की प्रगति, प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

           कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव जी महाराज की पावन समाधि पर विशेष पूजा-अर्चना कर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य एवं विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं द्वारा समाधि स्थल पर मखमली चादर अर्पित की गई तथा काजू, बादाम, अखरोट एवं मिश्री का विशेष प्रसाद चढ़ाकर बाबा रामदेव से देश में अमन, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की कामना की गई।

          इस अवसर पर समाजसेवी दलपत हिंगड़ा ने बाबा रामदेव जी की पारंपरिक रखिया गा कर भक्ति एवं श्रद्धा का वातावरण निर्मित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, आईदान सिंह भाटी, नारायण सिंह तंवर, सरपंच समंदर सिंह तंवर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

          वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, जनकल्याण, डिजिटल परिवर्तन, वैश्विक प्रतिष्ठा एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। देश जिस गति से विकास के पथ पर अग्रसर है, उससे वर्ष 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की दिशा में हुए कार्यों के प्रति आमजन में गहरा विश्वास और सम्मान है।

पूजा-अर्चना कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामना करते हुए राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए सामूहिक प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव जी के जयकारों एवं भक्ति गीतों से पूरा तीर्थ परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

          देश के विभिन्न राज्यों से रामदेवरा दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी इस विशेष धार्मिक आयोजन में भाग लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.