जयपुर। राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शिमला स्थित लोकभवन में आज बुधवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की।इस अवसर पर स्पीकर देवनानी ने राज्यपाल गुप्ता को राजस्थान विधानसभा का स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। दोनो के मध्य आत्मीय वातावरण में विभिन्न समसामयिक विषयों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
राज्यपाल गुप्ता ने राजस्थान विधानसभा द्वारा संसदीय परंपराओं को सुदृढ़ करने तथा जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक भूमिका को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों और देवनानी के नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और जनविश्वास को बनाए रखने में विधानसभाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
देवनानी ने राजस्थान विधानसभा की विभिन्न गतिविधियों एवं जनजागरूकता से जुड़े नवाचारों की जानकारी साझा की। इस दौरान सुशासन, पारदर्शिता, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में जनप्रतिनिधियों के दायित्वों पर भी विचार-विमर्श हुआ।भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक प्रभावी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।