नई दिल्ली । संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2024 एवं 2025 के प्रतिष्ठित अकादमी पुरस्कारों की घोषणा की गई है। इस सूची में राजस्थान के बांदीकुई,दौसा निवासी प्रसिद्ध लोक कलाकार अकरम खान बहरूपिया का चयन उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार की लोक नृत्य श्रेणी में किया गया है।
संगीत नाटक अकादमी के सचिव राजू दास ने बताया कि अकरम खान बहरूपिया को यह राष्ट्रीय सम्मान संगीत, नृत्य, रंगमंच एवं लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार में 25,000 रु की नकद राशि के साथ-साथ ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम भी दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
अकादमी की ओर से जारी सूची में देशभर के चयनित कलाकारों को शामिल किया गया है।अकरम खान बहरूपिया का चयन राजस्थान की लोक कला एवं बहरूपिया परंपरा के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। यह सम्मान भारतीय लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान है।उल्लेखनीय है कि अकरम खान अपने भाई शमशेद बहरूपिया के साथ कई प्रदेश,राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन कर चुके है।