उदयपुर | प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सब्सिडी सिलेंडरों की संख्या में कटौती को गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ अन्याय बताया है।
शर्मा ने कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाना और गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना था। उस समय लाभार्थियों को प्रतिवर्ष 12 सब्सिडी युक्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार ने धीरे-धीरे इस संख्या को कम करते हुए केवल 4 सिलेंडरों तक सीमित कर दिया है।
लगातार बढ़ती गैस कीमतों के कारण लाखों गरीब परिवारों के लिए सिलेंडर भरवाना कठिन होता जा रहा है। उज्ज्वला योजना के अनेक लाभार्थी आर्थिक मजबूरियों के चलते पुनः पारंपरिक चूल्हों और लकड़ी के ईंधन का उपयोग करने को विवश हो रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार पहले गरीबों से उनके काम का अधिकार छीन चुकी है और अब उनके भोजन का आधार भी कमजोर कर रही है। उन्होंने मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी की जाए तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 12 सब्सिडी युक्त सिलेंडर पुनः उपलब्ध कराए जाएं, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन, गरीब, किसान, मजदूर एवं महिलाओं के हितों की आवाज़ उठाती रहेगी और जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।