जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने एवं ग्रामीणों की समस्याओं के मौके पर समाधान के उद्देश्य से पंचायत समिति सांकड़ा के ग्राम पंचायत गोमट मुख्यालय पर ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा राज्य सरकार की कल्याणकारी एवं जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की कार्यवाही की गई।
शिविर में एक महत्वपूर्ण प्रकरण में पेंशनर करीमों की पिछले छह माह से बंद सामाजिक सुरक्षा पेंशन को पुनः प्रारम्भ करवाया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। वहीं पशुपालक तीजो को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाभान्वित कर योजना का लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी पोकरण हीरासिंह, विकास अधिकारी हनुमानराम, सरपंच प्रतिनिधि फिरोज खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एवं पात्र व्यक्तियों को अधिकाधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की।