केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केन्द्र

( 446 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 Jun, 26 18:06

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केन्द्र

     जैसलमेर। केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ’12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में नगरपरिषद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी आमजन के लिए आकर्षण का प्रमुख केन्द्र बनी हुई है। 12 जून से 14 जून तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिकों, प्रबुद्धजनों सहित महिलाओं ने विकास एवं जनकल्याण की इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

      प्रदर्शनी में केन्द्र सरकार के गत 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण की उपलब्धियों को आकर्षक, सुसंगठित एवं जानकारीपरक स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में किए गए प्रयासों, आधारभूत संरचना के विस्तार, सड़क एवं रेल नेटवर्क, डिजिटल क्रांति, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा उत्थान, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

        जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहायक निदेशक प्रवीण प्रकाश चौहान ने बताया कि प्रदर्शनी में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, नवाचारों तथा विकासात्मक उपलब्धियों को फ्लेक्स, स्टैंडी, चित्रात्मक सामग्री एवं सूचना पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सरकार की विकास यात्रा से भी जोड़ रही है।

      उन्होंने बताया कि नगरपरिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 में आने वाले नागरिक भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रियाओं संबंधी उपयोगी जानकारी एक ही स्थान पर सहज रूप से उपलब्ध हो रही है। इससे आमजन में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है एवं वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

       प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं जनोपयोगी पहल बताते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनी विकास की वास्तविक तस्वीर को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक जानकारी प्राप्त होती है एवं नागरिकों में राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

       जैसलमेर जिले आमजन ने भी प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाई और भारत की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत एवं आधुनिक उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की सराहना की। प्रदर्शनी में प्रस्तुत तथ्यों, आंकड़ों एवं चित्रों के माध्यम से विकास एवं सुशासन की एक सशक्त तस्वीर उभरकर सामने आ रही है, जो नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य कर रही है।

        तीन दिवसीय इस विकास प्रदर्शनी में आमजन निरंतर पहुंच रहे हैं एवं प्रदर्शनी को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया इसके उद्देश्य की सार्थकता को सिद्ध कर रही है।        


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.