संभागीय आयुक्त ने किया ग्रीष्मकालीन लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

( 803 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 Jun, 26 18:06

संभागीय आयुक्त ने किया ग्रीष्मकालीन लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

उदयपुर। महाराणा प्रताप खेल गांव में राजस्थान लेक्रोज संघ, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर प्रशासन एवं वित्त पोषक राजस्थान माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएमएमएल) के संयुक्त तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिए आयोजित ग्रीष्मकालीन लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर का उदयपुर संभागीय आयुक्त एवं लेक्रोज खेल प्रवर्तक प्रज्ञा केवलरमानी ने अवलोकन किया।

संभागीय आयुक्त ने शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल के प्रति पूर्ण समर्पण, अनुशासन और मेहनत के साथ अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के माध्यम से खिलाड़ी उच्चतम उपलब्धियां प्राप्त कर सकते हैं तथा उदयपुर, जनजातीय क्षेत्र और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर सकते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहिए। शिविर में प्रशिक्षक नीरज बत्रा के निर्देशन में देश के कई प्रतिष्ठित खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें भारतीय महिला लेक्रोज टीम की कप्तान सुनीता मीणा, राजस्थान पुलिस लेक्रोज टीम के कप्तान मोहनलाल गमेती, अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती, नारायणलाल गमेती, निशांत नागदा, प्रणय त्रिपाठी, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, डाली गमेती, विशाखा मेघवाल, यशिष्ठा बत्रा, यशोदा गमेती, रोशनी बोस तथा जानवी राठौड़ सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने राजस्थान सरकार की बजट घोषणा के अंतर्गत स्थापित की जा रही भारत की पहली लेक्रोज अकादमी से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के आवासीय प्रवास हेतु चित्रकूट नगर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बहुउद्देशीय छात्रावास का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन अत्याधुनिक लेक्रोज मैदान का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उदयपुर को देश में लेक्रोज खेल का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। भारत की पहली समर्पित लेक्रोज अकादमी की स्थापना न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इससे खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के अवसर प्राप्त होंगे।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग अनिल शर्मा, मनमोहन सिंह, आशु महेश्वरी, संजीव शर्मा, खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल, मधु शेखावत, नवरत्न पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.