बांसवाड़ा | श्रद्धा, भक्ति और पुण्यार्जन के माह के रूप में आदिकाल से प्रसिद्ध पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) की दान-धर्म और भक्ति धाराओं का ज्वार चरम पर है। मन्दिरों, मठों, आश्रमों और धर्मधामों तक में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। धार्मिक आयोजनों की धूम परवान पर है।
पुरुषोत्तम मास के अन्तर्गत आशापुरी महिला मण्डल एवं विप्र सेना (महिला मण्डल) के संयुक्त तत्वावधान में यहां वनेश्वर महादेव के पास गायत्री मण्डल बांसवाड़ा द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में शनिवार को गायत्री यज्ञ विधान, हनुमान, नर्मदेश्वर पूजा एवं पीताम्बरा अर्चन अनुष्ठान तथा भजन-संकीर्तन सांझ में श्रद्धालु महिलाओं ने भक्तिभाव का ज्वार उमड़ा दिया।
विप्र सेना महिला मण्डल की जिलाध्यक्ष श्रीमती मिथिलेश कौशिक के नेतृत्व में पं. सुरेश जोशी के आचार्यत्व एवं पं. रामेश्वर जोशी के सह आचार्यत्व में हुए यज्ञार्चन एवं पूजपा-विधान के अन्तर्गत देवी-देवताओं का आवाहन, पंचोपचार से पूजा, अर्चन आदि के उपरान्त गायत्री यज्ञ हुआ। अनुष्ठान समाप्ति के उपरान्त पूर्णाहुति, आरती एवं पुष्पान्जलि विधान दवे परिवार ने पूर्ण किया।
इसके बाद आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन सांझ का आयोजन हुआ, जिसमें मातृशक्ति ने वाद्य यंत्रों की संगत पर एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए।
पौधारोपण किया गया
पुरुषोत्तम मास के अन्तर्गत महिलाओं के समूह ने श्री पीताम्बरा आश्रम प्रांगण में वृक्ष वन्दना मंत्रों के साथ अशोक का पौधा लगाया तथा आश्रम के नवीन परिसर में व्यापक पौधारोपण मुहिम में पूरी-पूरी सहभागिता का संकल्प लिया।