उदयपुर। शहर की साहित्यिक संस्था ‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ के तत्वावधान में जून माह की मासिक काव्य गोष्ठी का आयोजन आज 14 जून रविवार को मधुश्री बैंक्वेट हॉल, अशोका पैलेस, उदयपुर में सायं 4 बजे किया जाएगा।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि गोष्ठी में शहर के प्रतिष्ठित कवि एवं शायर कविता, ग़ज़ल, गीत, मुक्तक सहित विभिन्न साहित्यिक विधाओं की प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर साहित्य एवं काव्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शहर के पांच कवियों एवं शायरों का सम्मान भी किया जाएगा।
संस्था के सचिव शाद उदयपुरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा प्रकाशित ‘पिता’ विषय पर आधारित विशेष डिजिटल पत्रिका का लोकार्पण किया जाएगा। फादर्स डे के अवसर पर प्रकाशित इस पत्रिका में देशभर के रचनाकारों की पिता को समर्पित कविताएं, ग़ज़लें, लेख एवं अन्य भावपूर्ण रचनाएं संकलित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन साहित्य, सम्मान और संवेदनाओं का संगम होगा, जिसमें साहित्यकारों एवं साहित्य प्रेमियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहेगी। संस्था ने सभी कवियों, शायरों एवं साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।