उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार प्रातः फतहसागर की पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का भव्य पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक योग साधकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा सहित विभिन्न गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। प्रो. डागा ने कहा कि वर्तमान समय में योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण बनाता है।
आयुष विभाग के सहायक निदेशक भानु कुमार जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और बड़ी संख्या में लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य योग दिवस कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी की अपील भी की।
योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं योग निद्रा का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने योगासनों की सही विधि, सावधानियों तथा स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी।
योग प्रोटोकॉल का मिनट-टू-मिनट पूर्वाभ्यास पेसिफिक विश्वविद्यालय की डॉ. शुभा सुराणा, रिमझिम शर्मा, श्वेता शर्मा एवं पूजा शर्मा के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण समाजसेवी कृष्ण गोपाल गुर्जर द्वारा 300 से अधिक परिंदों एवं चिड़ियों के घोंसलों का वितरण रहा। इस पहल के माध्यम से पक्षी संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अमित शर्मा, सपना औदीच्य सहित अनेक योग एवं पशु-पक्षी प्रेमियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मॉर्निंग योगा यूनिवर्सिटी क्लब के गोपाल प्रजापत एवं के.के. शर्मा, आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार शर्मा, पूर्व वन अधिकारी डॉ. एन.सी. जैन, डॉ. इकबाल गौरी, डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. विष्णु बंसीवाल, मगन जोशी, मोहनलाल पालीवाल एवं मोहन वागरेवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, योग प्रशिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय उदयपुर, पतंजलि योग समिति, क्रीड़ा भारती, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, विश्व फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, प्रणव आयुर्वेद योग सेंटर, ओसवाल सभा, ओसवाल युवक परिषद, आरोग्य विहार धाम तथा मॉर्निंग योगा यूनिवर्सिटी क्लब सहित विभिन्न संस्थाओं का सक्रिय सहयोग रहा।
योग प्रशिक्षक योगी सुरेश पालीवाल, डॉ. विक्रम खराड़ी, योगी अशोक जैन, मुकेश पाठक, रोहित चोबीसा, हेमंत कुमावत, अनुराग कुमावत, श्याम चोबीसा एवं पूनम कुमावत सहित अनेक प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम की अगली कड़ी में 15 जून को प्रातः 6:15 बजे सुखाड़िया समाधि परिसर में सामूहिक योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर योगाभ्यास में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प लिया। 🧘♀️🌿🇮🇳