जैसलमेर। भारत की आगामी जनगणना की तैयारियों के तहत जिले में संचालित मकान गणना एवं मकान सूचीकरण के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत पूर्ण कर जैसलमेर जिले ने उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य संस्कृति एवं समन्वित प्रयासों का परिचय दिया है।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के कुशल नेतृत्व तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी के प्रभावी निर्देशन में जिले में 16 मई 2026 से प्रारम्भ होकर 14 जून 2026 तक संचालित मकान गणना एवं मकान सूचीकरण का प्रथम चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
इस महत्त्वपूर्ण कार्य को समय पर पूर्ण करने में उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग राजेन्द्र मेघवाल तथा उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग सोमेश्वर देवड़ा के सतत मार्गदर्शन, नियमित एवं निरन्तर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निरंतर प्रयासों से जिले के समस्त जनगणना प्रभार क्षेत्रों में कार्य की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी गई एवं आने वाली चुनौतियों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
जिले में गठित सात ग्रामीण एवं दो शहरी चार्ज जनगणना अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में गणना कार्य का प्रभावी संचालन किया गया। जनगणना से जुड़े पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों ने घर-घर जाकर मकानों, परिवारों तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित आवश्यक जानकारियों का संकलन किया। इस दौरान तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की गई।
जिला कलक्टर जोरवाल ने इस उपलब्धि पर जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को बधाई देते हुए कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों, योजनाओं एवं संसाधनों के प्रभावी वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों द्वारा निर्धारित समय सीमा में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की सराहना की।
अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना कार्य की सफलता के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं तथा सभी चार्ज अधिकारियों के साथ सतत समन्वय बनाए रखा गया। परिणामस्वरूप जिले में मकान गणना एवं मकान सूचीकरण का प्रथम चरण निर्धारित अवधि में पूर्ण कर लिया गया।
उप जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि मकान गणना एवं मकान सूचीकरण का यह चरण आगामी जनगणना प्रक्रिया की मजबूत आधारशिला है। इस कार्य में संकलित आंकड़े जनसंख्या गणना के अगले चरण के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।
जिले में प्रथम चरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने के साथ ही आगामी चरणों की तैयारियां भी प्रारम्भ कर दी गई हैं, जिससे जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जा सके। प्रशासन की इस उपलब्धि को जिले में सुशासन, प्रभावी समन्वय एवं टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।