उदयपुर | उदयपुर के डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय - जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ द्वारा इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन योग क्विज का आयोजन आज से प्रारंभ किया गया है। इन-हाउस निर्मित यह प्रश्नोत्तरी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
कुलपति प्रो. कर्नल (मानद) एस.एस. सारंगदेवोत ने इस प्रश्नोत्तरी का शुभारम्भ करते हुए कहा कि यूजीसी के निर्देशों के अनुसार निर्मित यह डिजिटल मूल्यांकन योग के प्राचीन विज्ञान और आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी का एक संगम है। इसकी प्रश्नोत्तरी प्रणाली प्रतिभागियों में योग के प्रति केवल सतही ज्ञान को नहीं, बल्कि उसके वैज्ञानिक और दार्शनिक पहलुओं की गहरी समझ को भी विकसित करेगी। देश-विदेश में सभी के लिए आयोजित यह क्विज ऑनलाइन योग साक्षरता के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में एक अभिनव कदम है।
क्विज के सॉफ्टवेयर निर्माता, सह-आचार्य डॉ. चंद्रेश छतलानी ने बताया कि रैंडम प्रणाली के तहत हर बार, हर प्रतिभागी के सामने प्रश्नों का एक अलग सेट आएगा। अंतिम प्रश्न को सबमिट करते ही परिणाम सामने आ जाएगा और उसी समय एक डिजिटल सर्टिफिकेट डाउनलोड किया जा सकता है, जिस पर एक क्यूआर कोड है, जिसे स्कैन कर इस प्रमाणपत्र का ऑनलाइन सत्यापन भी किया जा सकता है।
योग दिवस 2026 के समन्वयक डॉ. रोहित कुमावत ने कहा कि इस मूल्यांकन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली है। इसमें योग के इतिहास, दर्शन, आसन, प्राणायाम और शरीर क्रिया विज्ञान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न हैं। स्वास्थ्य, कल्याण और डिजिटल एकीकरण की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यूजीसी द्वारा निर्धारित गतिविधियों को विद्यापीठ सक्रिय रूप से आयोजित कर रहा है।
इस अवसर पर निजी सचिव केके कुमावत, डॉ. ललित सालवी, डॉ. विकास डांगी उपस्थित थे।