बॉलीहॉप के रंग में रंगा उदयपुर, युवाओं ने दिखाया जबरदस्त उत्साह

( 644 बार पढ़ी गयी)
Published on : 14 Jun, 26 19:06

उदयपुर डांस फेस्टिवल की निःशुल्क कार्यशाला में प्रतिभागियों ने सीखे आधुनिक नृत्य के नए अंदाज़

बॉलीहॉप के रंग में रंगा उदयपुर, युवाओं ने दिखाया जबरदस्त उत्साह

उदयपुर।  कथक आश्रम संस्थान और एम स्क्वायर प्रोडक्शन एंड इवेंट्स की ओर से होने वाले उदयपुर डांस फेस्टिवल को लेकर मधुश्री बैंक्वेट हॉल में निःशुल्क बॉलीहॉप डांस कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में शहर के बच्चों, युवाओं एवं नृत्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आधुनिक नृत्य शैली की नई तकनीकों एवं प्रस्तुति कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

एम स्क्वेयर प्रोडक्शन एंड इवेंट्स के सीईओ मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यशाला में बीट बीस्ट डांस स्टूडियो के डायरेक्टर एवं कोरियोग्राफर कृष्णा खरवड़ ने प्रतिभागियों को बॉलीहॉप डांस शैली की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न डांस मूव्स, मंचीय प्रस्तुति एवं परफॉर्मेंस तकनीकों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों में सीखने का गजब का उत्साह देखने को मिला।

कथक आश्रम संस्थान की संस्थापिका चंद्रकला चौधरी ने बताया कि उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 का मुख्य आयोजन आगामी 12 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के प्रतिभाशाली नृत्य कलाकार एवं प्रतियोगी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में विपुल श्रीवास्तव, सभी तलरेचा, छवि तलनेजा सहित अन्य सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त ऊर्जा, उमंग और सीखने की ललक देखने को मिली। सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव बताया।

उल्लेखनीय है कि उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न नृत्य कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.