विश्व संगीत दिवस पर सुरों की मंडली करेगी उदयपुर के प्रख्यात संगीत साधकों का सम्मान

( 456 बार पढ़ी गयी)
Published on : 16 Jun, 26 18:06

20 जून को मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा ‘संगीत सम्मान समारोह’, शहर की नामचीन हस्तियों का होगा अभिनंदन

विश्व संगीत दिवस पर सुरों की मंडली करेगी उदयपुर के प्रख्यात संगीत साधकों का सम्मान

उदयपुर। संगीत प्रेमियों के लिए विश्व संगीत दिवस का अवसर इस वर्ष विशेष बनने जा रहा है। शहर की प्रतिष्ठित सांगीतिक संस्था ‘सुरों की मंडली’ द्वारा 20 जून को शाम 5:30 बजे मधुश्री बैंक्वेट हॉल, अशोका पैलेस, शोभागपुरा में ‘संगीत सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उदयपुर एवं प्रदेश के प्रख्यात संगीत साधकों और कलाकारों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को संजोने वाली सशक्त कला है। इसी भावना के साथ सुरों की मंडली द्वारा वर्षों से संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उनका उत्साहवर्धन करने का कार्य किया जा रहा है।

समारोह में ग़ज़ल गायक प्रेम भंडारी, देवेंद्र सिंह हिरण, फैय्याज खान, के.के. त्रिपाठी, गोल्ड मेडलिस्ट मारिषा दीक्षित, इंद्रदेव पीयूष, स्वर्गीय सुधाकर पीयूष (मरणोपरांत) तथा कैलाश केवलिया सहित कई प्रतिष्ठित संगीत हस्तियों का सम्मान किया जाएगा।

संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के संगीत प्रेमियों, कलाकारों और गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रहेगी। समारोह के दौरान संगीत के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श के साथ सांगीतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

वरिष्ठ विंग के आयोजक मंडल की हेमा जोशी, एच. काज़ी एवं राजकुमार बापना ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा अधिकाधिक संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

कोषाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने कहा कि यह आयोजन संगीत साधकों के सम्मान, कला के संरक्षण और नई प्रतिभाओं को प्रेरणा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विश्व संगीत दिवस पर आयोजित यह समारोह शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक यादगार आयोजन साबित होगा।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.