श्रीगंगानगर । अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ0 कैलाश किशन लाहौरा द्वारा निवर्तमान पार्षद बंटी वाल्मीकि उर्फ कृष्ण गोपाल वाल्मीकि को संगठन की श्रीगंगानगर जिला इकाई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद जिले में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। 16 जून मंगलवार को नगर परिषद परिसर में सफाई यूनियन, वाल्मीकि समाज और अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस शाखा श्रीगंगानगर ने स्वागत किया, जिसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी, समाज के गणमान्य लोग और समर्थक शामिल हुए।
प्रदेशाध्यक्ष डाॅ0 कैलाश किशन लाहौरा ने अपनी संवैधानिक प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बंटी वाल्मीकि को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस, जिला श्रीगंगानगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। नियुक्ति की घोषणा के साथ ही संगठन और समाज के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर डाॅ0 लाहौरा ने विश्वास व्यक्त किया कि बंटी वाल्मीकि के नेतृत्व में श्रीगंगानगर जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा सफाई कर्मियों की लंबित मांगों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
नगर परिषद में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान बंटी वाल्मीकि का फूल मालाओं और साफा पहनाकर जोरदार अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि बंटी वाल्मीकि लंबे समय से समाज और सफाई कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं तथा उनकी नियुक्ति संगठन के लिए एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण निर्णय साबित होगी। अपने संबोधन में बंटी वाल्मीकि ने प्रदेश नेतृत्व, सफाई यूनियन, वाल्मीकि समाज और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन की ताकत को बढ़ाते हुए कर्मचारियों की आवाज को हर स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया जाएगा।
बंटी वाल्मीकि की नियुक्ति को जिले के सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा सफाई कर्मचारियों के हितों की आवाज पहले से कहीं अधिक मजबूती के साथ उठाई जाएगी।
कार्यक्रम में सफाई यूनियन के अध्यक्ष सेठी वाल्मीकि, वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष सूरज भाटिया, वीर बिरजू द्राविड़ भावाधस, पूर्व अध्यक्ष बसंत सारवान, बिट्टू चांवरिया, दीपक चांवरिया, विजय द्रविड़, अशोक सुमाली, ज्योति धारीवाल, सुनील घुस्सर, निवास, सोणी वाल्मीकि, मनोज लोहरा, सम्राट, रवि पिवाल, भेरू सारवान, विशाल, मोनू सारवान, विजय, साहिल, दीपू, राजू, विक्रम भाटिया आदि सहित कई सामाजिक और संगठनात्मक पदाधिकारी मौजूद रहे। इनके द्वारा भी बंटी वाल्मीकि को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।