श्रीगंगानगर। ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के दौरान अनूपगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत 22 ए में उपखंड अधिकारी श्री सुरेश राव के निर्देशन में मंगलवार को पशुपालन विभाग के डॉ. नरेंद्र नागपाल, डॉ. दिव्या एवं उनकी टीम द्वारा जनहित और पशु कल्याण को समर्पित अभिनव पहल की गई। इस अवसर पर पशुपालन विभाग की टीम ने घर-घर जाकर पशुपालकों से संपर्क किया तथा उनके पशुओं का स्वास्थय परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर के दौरान श्री राव द्वारा निराश्रित गौवंश एवं अन्य पशुओं को गुड़ खिलाकर उनके प्रति संवेदनशीलता एवं सेवा का संदेश दिया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके गले में रेडियम युक्त रिफ्लेक्टिव पट्टियां बांधी गईं, जिससे रात्रि के समय वाहन चालकों को उनकी स्पष्ट पहचान हो सके। इसके साथ ही सभी निराश्रित गौवंश की जियो टैगिंग की गई तथा उन्हें सुरक्षित रूप से निकटवर्ती 4 एमएसआर ग्राम पंचायत की गौशाला में भिजवाने के निर्देश दिए गए।
शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशुधन बीमा योजना के अंतर्गत पात्र पशुपालकों को बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं तथा नए पात्र पशुपालकों के आवेदन प्राप्त कर उन्हें योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी की गई, ताकि अधिक से अधिक पशुपालकों को योजना का लाभ मिल सके।
इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग की मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई (वन मोबाइल वेटरिनरी यूनिट) ने घर-घर पहुंचकर पशुधन का स्वास्थय परीक्षण किया। बीमार एवं कमजोर पशुओं का उपचार किया गया। आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं तथा पशुपालकों को पशुओं के पोषण, टीकाकरण, रोगों की रोकथाम एवं वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श दिए गए। इस घर-घर सेवा से उन पशुपालकों को भी लाभ मिला जो विभिन्न कारणों से अपने पशुओं को चिकित्सालय तक नहीं ला सकते थे।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान किए गए इन नवाचारों को ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने अत्यंत सराहा। उन्होंने उपखंड अधिकारी श्री सुरेश राव, डॉ. नरेंद्र नागपाल, डॉ. दिव्या एवं पशुपालन विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।