उदयपुर। भारतीय किसान संघ जिला उदयपुर की जिला बैठक मंगलवार को प्रांत कार्यालय, बलराम भवन, सवीना में संभाग उपाध्यक्ष छगनलाल जाट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रांत संगठन मंत्री श्री परमानंद जी का मुख्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक में जून से जनवरी तक आयोजित होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना निर्धारित की गई। श्री परमानंद ने संगठन की मजबूती के लिए ग्राम स्तर तक सक्रिय संपर्क, नियमित प्रवास एवं समितियों के गठन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि संगठन के कार्यक्रमों को प्रत्येक गांव तक पहुंचाकर किसान हितों के लिए मजबूत जनाधार तैयार किया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जून को तहसील स्तर की बैठकें आयोजित कर संगठन विस्तार, ग्राम समिति गठन एवं ग्राम पंचायत प्रभारियों के प्रवास कार्यक्रमों को गति दी जाएगी। जुलाई एवं अगस्त माह में ग्राम पंचायत प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के सभी गांवों में प्रवास कर ग्राम समितियों का गठन एवं बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक में भगवान बलराम जयंती को प्रत्येक गांव तक उत्साहपूर्वक मनाने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सितंबर माह में आंदोलनात्मक जिला सम्मेलन आयोजित करने तथा 17 सितंबर को भगवान बलराम जयंती के कार्यक्रमों का ग्राम पंचायतवार वृत्त संकलित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त अक्टूबर में जिला अभ्यास वर्ग, नवंबर में प्रत्येक गांव में गोपाष्टमी आयोजन तथा दिसंबर माह में संभाग बैठकों, जिला बैठकों, विस्तारक योजना एवं सदस्यता अभियान की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। आगामी 1 जनवरी से प्रारंभ होने वाले सदस्यता अभियान को व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी प्रारंभ करने का आह्वान किया गया।
बैठक में जिला कार्यकारिणी, तहसील अध्यक्ष, तहसील मंत्री एवं विभिन्न दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।