कोटा। महावीर नगर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने वीर सावरकर नगर स्थित एक सूने मकान में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी ने घटना के बाद पहचान छिपाने के लिए अपने सिर के बाल तक मुंडवा लिए थे।
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर डॉ. तेजस्वनी गौतम (आईपीएस) ने बताया कि 9 जून 2026 को वीर सावरकर नगर निवासी दिनेश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना के दौरान मकान में कोई मौजूद नहीं था।
रिपोर्ट के अनुसार चोर दो सोने की लेडीज अंगूठियां, एक सोने की जेंट्स अंगूठी, तीन चांदी की अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, छह जोड़ी बिछिया, दो चांदी के सिक्के, करीब 100 ग्राम पुरानी चांदी तथा 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। मामले में थाना महावीर नगर पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द्र मिश्रा एवं वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के निर्देशन तथा थानाधिकारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान बारां जिले के छीपाबड़ौद निवासी भंवर सिंह उर्फ बिट्टू (47) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को बुधवार को बारां से गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का है। घटना के बाद उसने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर के बाल मुंडवा लिए और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग भी नहीं करता था।
पुलिस टीम में थानाधिकारी दिग्विजय सिंह, प्रेमसिंह, भूपेन्द्र सिंह, अवेधश सिंह, महेश सिंह, राकेश एवं रामप्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।