जैसलमेर। जैसलमेर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर 21 जून को जिले भर में ’’योगा फॉर हेल्थी एजिंग’’ थीम पर सामुहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम शहीद पूनम सिंह स्टेडियम जैसलमेर के साथ-साथ शहर के पर्यटन स्थल सोनार किला, गड़सीसर झील में भी प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि जिले में योग दिवस के कार्यक्रम योगाभ्यास के लिए प्रशासनिक स्तर पर जोरो-शोरों से तैयारियां की जा रही है। उन्होंने रविवार, 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय व ग्राम पंचायत स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में आमजन को अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया एवं स्वस्थ्य जीवन जीने के लिए योग करने का संदेश दिया।
आयुर्वेद विभाग जैसलमेर के उपनिदेशक डॉ ताम्बल राम जुईया ने बताया कि जिले में सभी ब्लॉक, ग्राम पंचायत मुख्यालयों व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर भी योग दिवस- 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होगें।
ब्लॉक स्तर पर भी होंगे योगाभ्यास कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि 21 जून को योग दिवस पर ब्लॉक स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम सभी ब्लॉक मुख्यालयों (पोकरण, भणियाणा, नाचना, मोहनगढ़, फतेहगढ़ एवं सम) पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा।
योगाभ्यास के हो रहे है कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि आमजन में योग के प्रति जागरूकता तथा योग दिवस की पूर्व तैयारियों के लिए सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा जैसलमेर शहर के नेहरू पार्क, महेचा पार्क, अचलवंशी कॉलोनी में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षको द्वारा योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जा रहा है। उन्होंने भी लोगों से आह्वान किया कि वे योग दिवस पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होकर उसको सफल बनाएं।