सेवा शिविर बन रहे राहत के पर्याय, मिल रहा संबल

( 460 बार पढ़ी गयी)
Published on : 18 Jun, 26 17:06

सेवा शिविर बन रहे राहत के पर्याय, मिल रहा संबल

उदयपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे धरातल पर पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चल रहे ‘शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर - 2026’ राहत का पर्याय सिद्ध हो रहे हैं। शिविरों में आमजन की समस्याओं का हाथों हाथ निस्तारण किया जा रहा है।
उदयपुर जिले में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के कुशल निर्देशन में चल रहे इन शिविरों को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। गुरुवार को उदयपुर जिले में ग्राम पंचायत चणबोरा, गुडली, लखावली, पलानकलां, वारणी, बालाथल, खेरोदा, समीजा, दिवाण, बदराणा, दमाणा, सोम, गरणवास, कारछा, पोगरकला, पहाड़ा, भूधर, धधमाता, लाम्बाहल्दु एवं माण्डवा में शिविर हुए। वहीं युडीए, नगर निगम तथा सभी नगरपालिकाओं में भी शिविर संचालित हो रहे हैं। शिविरों में एक ही छत के नीचे 22 विभागों की सेवाएं उपलब्ध हाने से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। शिविर स्थल पर ही राजस्व, स्वायत्त शासन, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि और विद्युत जैसे महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
मावली उपखण्ड़ क्षेत्र में पलनाकलां एवं वारणी में शिविर हुए। एसडीएम रमेश सीरवी पुनाडिया के निर्देशन में 28 ई धरती पोर्टल के अनुसार नामांतरण किए गए। आपसी सहमति से 8 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। 14 राजस्व अभिलेख/खातों का शुद्धिकरण, 8 रास्तों के प्रकरण का निस्तारण किया गया। शिविर के दौरान 34 पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। ग्राम पंचायत वारणी की निवासरत प्रार्थीया हीरू बाई/लच्छी राम को मौके पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ देकर लाभान्वित किया गया। तहसीलदार घासा राधेश्याम जोशी, विकास अधिकारी शैलेन्द्र पी. खींची एवं अन्य समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मंगला पशु बीमा पॉलिसी का वितरण
भीण्डर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खेरोदा में ग्रामीण सेवा शिविर हुआ। इसमें पशुपालक श्रीमती ललिता बाई मेनारिया, किरण देवी, रेखा देवी, लक्ष्मी देवी, विद्या खटीक, प्रताप कुंवर एवं लक्ष्मी जणवा निवासी खेरोदा को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पॉलिसी वितरित की गई। पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कार्मिकों ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, खुरपका मुहंपका रोग टीकाकरण एवं पशुओं को कृमिनाशक औषधि पिलाना एवं पशुओं का समुचित रखरखाव एंव पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की । इसी प्रकार ऋषभदेव अंतर्गत भूधर में आयोजित शिविर में पशुपालक मंगली पत्नी मगन पटेल को दो भैंसों के लिए मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी प्रदान की गई।

शुक्रवार को यहां होंगेे शिविर
अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत काया, कोट, भूताला, महुड़ा, पलानाखुर्द, धमानिया, बग्गड़, छाली, ढोल, गोगला, गोदाणा, कातरवास, करावाड़ा, पीपली-अ, कोलिया, कोदरमाल व जुनापादर में शिविर होंगे। वहीं युडीए, नगर निगम और नगरपालिकाओं में भी चिन्हित वार्डों के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.