विकसित भारत के निर्माण में रोजगार सृजन सबसे बड़ी शक्ति - राज्यसभा सांसद श्री गरासिया

( 552 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Jun, 26 17:06

विकसित भारत के निर्माण में रोजगार सृजन सबसे बड़ी शक्ति - राज्यसभा सांसद श्री गरासिया

उदयपुर। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत लाभ वितरण एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को यूसीसीआई सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा उपस्थित रहे। इस दौरान विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 2,400 करोड़ रूपए की प्रोत्साहन राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की।

प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त प्रथम प्रशांत कुमार सिन्हा एवं कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त द्वितीय रौनक जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री गरासिया ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए रोजगार सृजन और कौशल विकास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

लोकसभा सांसद डा रावत ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को रोजगार सृजन के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने युवाओं एवं नियोक्ताओं को अधिक से अधिक योजना से लाभान्वित होने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि यह योजना उद्योगों और युवाओं के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रही है। इससे एक ओर संस्थानों को प्रशिक्षित एवं योग्य मानव संसाधन उपलब्ध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की पहचान है।

क्षेत्रीय आयुक्त प्रशान्त कुमार सिन्हा ने योजना की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि उदयपुर संभाग के 127 संस्थानों तथा 1141 कार्मिकों के खातों में योजना के तहत कुल 1.49 करोड़ रूपए की लाभ राशि का हस्तांतरण किया गया। इस दौरान लाभार्थी नियोक्ता पंकज जोशी एवं कार्मिक प्रियंका नायर ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजना को रोजगार प्रोत्साहन और आर्थिक संबल प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में विभिन्न उद्योगों, संस्थानों, नियोक्ताओं, कार्मिकों तथा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.