सेवा शिविरों में समाधान की बयार, गांव-शहर में पहुंच रही राहत

( 457 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Jun, 26 17:06

सेवा शिविरों में समाधान की बयार, गांव-शहर में पहुंच रही राहत

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के जनकल्याण अभियान के तहत जिले में आयोजित किए जा रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राहत और समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में शिविरों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने झाड़ोल क्षेत्र के गोदाणा में आयोजित शिविर में पहुंच कर लाभ वितरण किया।

अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत काया, कोट, भूताला, महुड़ा, पलाना खुर्द, धमानिया, बग्गड़, छाली, ढोल, गोगला, गोदाणा, कातरवास, करावड़ा, पीपली-ए, कोलिया, कोदरमाल एवं जुनापादर में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए। वहीं उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए), नगर निगम तथा विभिन्न नगरपालिकाओं के चिन्हित वार्डों में शहरी सेवा शिविर भी आयोजित हुए। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।

जिला कलेक्टर की ओर से नियुक्त प्रभारी अधिकारियों ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सहज, सरल और पारदर्शी तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.