जम्मू रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ का संयुक्त विशेष सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान

( 776 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Jun, 26 18:06

जम्मू रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ का संयुक्त विशेष सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान

जम्मू। ग्रीष्मकालीन अवकाश व पवित्र अमरनाथ यात्रा को देखते हुए और यात्रियों की सुरक्षा.सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, 18 जून को उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल के जम्मू रेलवे स्टेशन पर एक विशेष सुरक्षा एवं सघन चेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जम्मू रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जायजा लेना था, क्योंकि हर वर्ष लाखों पर्यटक व श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर से जम्मू पहुंचते हैं। जम्मू रेलवे स्टेशन बाहर से आए पर्यटक व श्रद्धालुओं का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यात्रा सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया, ताकि स्टेशन परिसर में शांतिए सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।
इस संयुक्त चेकिंग पर बात करें, तो रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों ने सभी आने-जाने वाली ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, फुटओवर ब्रिज और पार्किंग क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली। संदिग्ध सामान, लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी गई। इसी दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ ने बिना टिकट, बिना बुकिंग और अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। यात्रियों को वैध टिकट और पहचान पत्र साथ रखने के लिए जागरूक किया गया। चेकिंग के दौरान यात्रियों को  आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उनसे अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत आरपीएफ/जीआरपी को दें।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल’ ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश व यात्रा के दौरान जम्मू स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा भी हमारी प्राथमिकता है। जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ का यह संयुक्त अभियान इसी दिशा में एक कदम है। हमारा उद्देश्य है कि हर पर्यटक व
श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित यात्रा करे। यात्रियों से अनुरोध है, कि वे अधिकृत टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करें। जम्मू मंडल यात्रा अवधि में यात्रियों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।
जम्मू मंडल अपने यात्रियों को  विश्वास दिलाता है, कि अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और किए जाते रहेंगे। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.