फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें अधिकारी

( 389 बार पढ़ी गयी)
Published on : 20 Jun, 26 18:06

-समीक्षा बैठक में जिला प्रभारी सचिव ने दिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश

फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें अधिकारी

श्रीगंगानगर। जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त बीकानेर श्री विश्राम मीणा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में योजनाओं और बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
 जिले में जारी शहरी व ग्रामीण सेवा शिविर प्रगति की समीक्षा करते हुए श्री मीणा ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान एवं उनके कार्य सम्पादित किए जाएं। बैठक में बजट घोषणाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं (सीएमआईएस), संकल्प पत्र के बिंदुओं एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों की क्रियान्विति की समीक्षा की गई। साथ ही राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, जिला स्तरीय सतर्कता समिति तथा जिला, उपखंड एवं पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
 बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की जलापूर्ति व्यवस्था, ऊर्जा विभाग की विद्युत आपूर्ति, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की मनरेगा एवं अन्य योजनाओं, राजस्व विभाग के भू-आवंटन एवं लंबित राजस्व वादों, शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग की आधारभूत अवसंरचना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की खाद्य सुरक्षा योजनाओं तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा कमजोर वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
 इसके अलावा मिशन हरियालो राजस्थान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण करने के निर्देश देते हुए श्री मीणा द्वारा सार्वजनिक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों, जल संसाधन विभाग के भू.जल संरक्षण प्रयासों, नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्थाए कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की किसान कल्याण योजनाओं, उद्योग विभाग, गृह विभाग, महिला एवं बाल विकास, वन, परिवहन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, श्रम एवं कौशल तथा युवा मामले एवं खेल विभाग की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
 बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही ई-फाइल प्रणाली की क्रियान्विति एवं पत्रावलियों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।  
 जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने आश्वस्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर एसपी श्री हरिशंकर, एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, सीईओ जिला परिषद श्री गिरधर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.