जैसलमेर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वर्णनगरी जैसलमेर में रविवार सुबह योगमय वातावरण देखने को मिला। सोनार दुर्ग की तलहटी स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित योग साधकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ’’योगा फॉर हेल्थी एजिंग’’ रही, जिसके अनुरूप जिलेभर में जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पश्चिम बंगाल से प्रसारित राष्ट्रीय समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया एवं उनके प्रेरणादायी संबोधन का श्रवण किया गया।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, वक्रासन, मकरासन, सेतुबंधासन, शलभासन एवं कपालभाति, अनुलोम-विलोम व भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया। योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए नियमिम योगाभ्यास का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने महर्षि पतंजलि के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. चतुर्वेदी ने ’’योग भी, वोट भी’’ कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाते हुए लोकतांत्रिक मतदान भागीदारी का संदेश भी दिया। उन्होंने आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित योग एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की।
इस अवसर पर जिला प्रभारी सचिव, महावीर प्रसाद मीणा,जैसलमेर विधायक श्री छोटू सिंह भाटी, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंवतदान चारण, पुलिस उप अधीक्षक एससीएसटी सेल प्रेमदान, पदमश्री तगाराम भील, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, कंवराजसिंह चौहान, पवन कुमार सिंह भाटी, अरुण पुरोहित, चंद्रप्रकाश व्यास, सुशील कुमार व्यास, चुतरा राम प्रजापत, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, नगरपरिषद आयुक्त, लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, उपनिदेशक, आयुर्वेद डॉ. ताम्बल राम जुईया, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा, विद्यार्थी एवं अच्छी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।
योग भी, वोट भी अभियान ने दिया जागरूकता का संदेश
जिला निर्वाचन विभाग के तत्वावधान में आयोजित ’’योग भी, वोट भी’’ कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।
जिले से ग्राम स्तर तक आयोजित हुए योग कार्यक्रम, लोगों ने उत्साह के साथ किया योगाभ्यास
जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थल गड़सीसर सरोवर की पाल एवं सोनार दुर्ग प्रोल पर विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। ब्लॉक से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक हुए कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नियमित योग करेंगे एवं समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. चम्पा सोलंकी ने सभी को योग संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी एवं डॉ. चम्पा सोलंकी ने किया, जबकि योग प्रशिक्षक डॉ. रवि, नितेश कुमारी एवं हेमलता ने प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया।