उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र ,उदयपुर ने 12वें विश्व योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस पर 21 जून रविवार को शिल्पग्राम में सुबह श्रीमती भारती मीणा द्वारा विधिवत योगाभ्यास कराये गए जिनमें विभिन्न आसनों के प्रदर्शन और प्रयोग हुए, जिनमें कलाकारों और जन समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। योग दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थी।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि आयुष मंत्रालय एवं संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार केन्द्र द्वारा विश्व योग दिवस पर 21 जून रविवार को शिल्पग्राम के आंगन में योगाभ्यास किया गया। करीब एक घंटे के इस सत्र में योग प्रशिक्षक भारती मीणा एवं सुमन कुमावत के सानिध्य में लोक कलाकारों, शिल्पकारों तथा केन्द्र के अधिकारियों व कर्मचारियों ने विभिन्न प्रकार के आसनों, योग मुद्राओं तथा भ्रामरी का अभ्यास किया। प्रशिक्षक भारती मीणा ने मंच से समस्त क्रियाओं के शारीरिक लाभ तथा उनके अभ्यास को सहज और सरल ढंग से समझाया। इस अवसर पर इनके साथ आये सुमन कुमावत ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर अभ्यास को सुगम बनाया। कार्यक्रम का संचालन सिद्धांत भटनागर ने किया। अंत में उपनिदेशक (कार्यक्रम) पवन अमरावत ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर केन्द्र के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।