उदयपुर। 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को उदयपुर जिले में योग का उत्साह चरम पर नजर आया। स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत जिले भर में योग प्रोटोकॉल के अभ्यास आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम महाराणा भूपाल स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां हजारों प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योग प्रोटोकॉल का योगाभ्यास किया। झीलों की नगरी योगमय वातावरण में रंगी नजर आई और हर आयु वर्ग के लोगों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी, जिले के प्रभारी सचिव टी. रविकांत, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवल रमानी, पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, पुष्कर तेली सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने सहभागिता निभाई। सभी ने योगाभ्यास कर नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रारंभ में अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद डॉ महेश कुमार गुप्ता, नोडल अधिकारी डॉ भानूकुमार जैन आदि ने स्वागत किया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सहायक नोडल अधिकारी व संयोजक वैद्य शोभालाल औदिच्य ने योगाभ्यास के प्रोटोकॉल व रूपरेखा की जानकारी दी। सुबह ठीक 7 बजे निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम शिथीलन क्रियाओं का अभ्यास हुआ। इसके पश्चात खड़े रहकर किए जाने वाले तथा उसके पश्चात बैठकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास कराया गया। पेसिफिक महाविद्यालय की डॉ शुभा सुराणा ने संचालन करते हुए प्रत्येक योग क्रिया के शारीरिक व मानसिक रूप से होने वाले लाभ तथा योग को करने से पूर्व बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया।
योगाभ्यास में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाए एवं बाल विकास, पतंजलि योग समिति, खेल विभाग, युडीए, नगर निगम, एनसीसी, स्काउट आदि के प्रतिनिधि, आमजन तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के संदेश का प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित संदेश प्रसारित किया गया। इसमें उन्होंने योग को भारतीय जीवनशैली का आधार बताते हुए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग भारत की अमूल्य धरोहर - श्री खराड़ी
कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित करते हुए जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। श्री खराड़ी ने कहा कि स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग की इस वर्ष की थीम समाज को यह संदेश देती है कि नियमित योगाभ्यास से बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
प्रशिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी सहित सभी अतिथियों ने सहायक नोडल डॉ शोभालाल औदीच्य, संचालक डॉ शुभ्रा सुराणा, मंच पर प्रोटोकॉल का अभ्यास कराने वाले बालक सूर्याश और प्रणव सहित सभी प्रशिक्षकों का उपरणा ओढ़ा का अभिनंदन किया।