अंजुमन तालीमुल इस्लाम द्वारा “परवाज़” जिला स्तरीय मुस्लिम प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

( 466 बार पढ़ी गयी)
Published on : 21 Jun, 26 18:06

अंजुमन तालीमुल इस्लाम द्वारा “परवाज़” जिला स्तरीय मुस्लिम प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

उदयपुर ।  अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर द्वारा *“परवाज़” उदयपुर जिला स्तरीय मुस्लिम प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन सुखाड़िया रंग मंच, नगर निगम,* उदयपुर में किया गया।
समारोह में *शिक्षा, उच्च शिक्षा, दीनी तालीम, खेलकूद, प्रशासनिक सेवाओं, कौमी खिदमात एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 350 से अधिक प्रतिभागियों* को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित कर उनकी हौसला-अफ़ज़ाई की गई।
कार्यक्रम के *मेहमान-ए-ख़ास पूर्व जिला कलेक्टर उदयपुर श्री ताराचंद मीणा थे,* जबकि कार्यक्रम की सदारत अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सदर मुख्तार कुरेशी साहब ने फरमाई।
इस अवसर पर मेहमान-ए-खुसूसी के रूप में डॉ. वसीम खान (डायरेक्टर, RNT कॉलेज ग्रुप), इकराम कुरेशी (प्रदेश प्रवक्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा), अब्दुल क़दीर खान (पूर्व जिला आबकारी अधिकारी), असरार अहमद (पूर्व राज्य मंत्री), हाजी असलम रंगवाला (समाजसेवी), शकील हुसैन (पूर्व जिला खेल अधिकारी), लायक अली खान (सेवा तंजीम) तथा सराफत खान साहब (पूर्व अंजुमन सदर) मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आगाज़ तिलावत-ए-क़ुरआन से हुआ। इसके पश्चात नायब सदर फारूक कुरेशी ने इस्तकबालिया तक़रीर पेश करते हुए सभी मेहमानों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया।
डॉ. सैयद इरशाद अली (कोऑर्डिनेटर) ने “परवाज़” कार्यक्रम का परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं, मेहनत, तालीमी कामयाबियों और कौमी खिदमात को पहचान देना तथा नई नस्ल को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
समारोह में वक्ताओं ने शिक्षा, हुनर, खेलकूद, दीनी तालीम और समाजी खिदमात के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज की तरक्की का रास्ता तालीम, सकारात्मक सोच और सामाजिक एकता से होकर गुजरता है। उन्होंने अंजुमन तालीमुल इस्लाम की इस ऐतिहासिक पहल की सराहना करते हुए इसे नई नस्ल के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
अंजुमन के सेक्रेट्री एडवोकेट मुस्तफा शेख ने अपने संबोधन में अंजुमन के मुस्तकबिल के विज़न को साझा करते हुए उदयपुर में “अंजुमन तालीमुल इस्लाम इंग्लिश मीडियम स्कूल” शुरू करने की योजना की घोषणा की। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी शैक्षणिक परियोजना को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों, शिक्षाविदों, अभिभावकों, समाजसेवियों एवं दानदाताओं से सहयोग की अपील की।
अपने *अध्यक्षीय संबोधन में मुख्तार कुरेशी* ने अंजुमन की नई कबीना के एक वर्ष पूर्ण होने पर बीते वर्ष में किए गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नई कबीना ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक विकास और कौमी बेहतरी के क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण पहलें की हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज पर पड़ा है।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, प्रोफेशनल डिग्री धारकों, हाफिज़, आलिम, खिलाड़ियों, प्रशासनिक सेवाओं में चयनित युवाओं तथा समाजी खिदमात अंजाम देने वाली शख्सियतों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जॉइंट सेक्रेट्री *इज़हार हुसैन* ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी मेहमानों, प्रतिभागियों, सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों का शुक्रिया अदा किया।
कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन *मोहम्मद आसिफ छीपा* (कॉ-कोऑर्डिनेटर) एवं *फिरोज बशीर* ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों, समाज के गणमान्य नागरिकों आलिम हज़रात मौलाना सोबदार आलम, हाफिज आज़म रिज़वी, शहर काजी हामिद रज़ा , मुफ्ती अहमद हुसैन तथा अंजुमन के केबिनेट से तनवीर चिश्ती, एडवोकेट मोहम्मद शहज्जाद, तोकिर रज़ा,अनीस रज़ा अनीस अब्बासी, फकरुद्दीन शेख, मोहम्मद इरशाद, एडवोकेट आदिल, एवं जनरल हाउस मेम्बरान ने शिरकत की।

समारोह के अंत में भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.