अमौरी स्पोर्ट ऑर्गनलाइजेशन के साथ साझेदारी 5 साल बढ़ाई, और 'इंडियाज़ नेक्स्ट डाकर हीरो' प्रोग्राम को लॉन्च किया
उदयपुर : दुनिया की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल-स्कूटर निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने जयपुर में अपने सेंटर फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी में हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली की 10वीं वर्षगांठ मनाई। यह मौका दिखाता है कि भारत ने वैश्विक रैली रेसिंग में बीते दस साल में कितनी लंबी छलांग लगाई है। समारोह में दुनिया के कई जाने-माने रेसिंग सितारे शामिल हुए - 2024 के एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियन रॉस ब्रांच, दक्षिण अमेरिका के दिग्गज राइडर नाचो कॉर्नेजो, दक्षिण अफ्रीका के रैली-रेड और मोटोक्रॉस राइडर माइकल डोचर्टी,भारत के मोटोक्रॉस-सुपरक्रॉस राइडर श्लोक घोरपड़े, और देश की पहली पेशेवर महिला बाइकर्स सौम्या ‘मोक्ष’ चौधरी।
समारोह में टीम के पीछे की अहम शख्सियतें भी मौजूद रहीं — मोटोस्पोर्ट्स के हेड और टीम मैनेजर वोल्फगैंग (वाफी) फिशर और स्पेनिश रैली एक्सपर्ट और नेशनल मोटोस्पोर्ट्स के हेड जोर्डी ग्रेउ। इसके अलावा डीलर्स, पार्टनर्स और मोटोस्पोर्ट्स जगत के कई जाने-पहचाने चेहरे भी इस मौके पर पहुंचे।
हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली अब अपने दूसरे दशक में कदम रख रही है। इस मौके पर कंपनी ने तीन बड़े फैसलों का एलान किया, जो आगे टीम की दिशा तय करेंगे। पहला - डाकर रैली और एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियनशिप के आयोजक अमौरी स्पोर्ट ऑर्गनाइजेशन के साथ साझेदारी आगे बढ़ाई गई। दूसरा - हीरो मोटोकॉर्प के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. पवन मुंजाल ने 'इंडियाज़ नेक्स्ट डाकर हीरो' कार्यक्रम का एलान किया। यह भारत में अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है, जिसका मकसद देश की नई रैली-रेड प्रतिभाओं को खोजना और तैयार करना है। और तीसरा - टीम ने उभरते ऑफ-रोड रेसर श्लोक घोरपड़े को विधिवत रूप से अपने साथ जोड़ा।
जयपुर स्थित कंपनी के रिसर्च और डेवलपमेंट सेंटर में हुए इस समारोह में हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली की डाकर बाइक्स और राइडर्स की झलक भी दिखाई गई। टीम के सितारों ने एक रोमांचक ऑफ-रोड प्रदर्शन भी किया, जिसने मेहमानों को यह दिखाया कि बीते दस साल में दुनिया के सबसे कठिन रैली मंचों पर टीम ने किस हद तक मेहनत, हुनर और जुनून दिखाया है।
इस मौके पर हीरो मोटोकॉर्प के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. पवन मुंजाल ने कहा, "दस साल पहले एक छोटे से सपने के तौर पर शुरू हुई हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली आज दुनिया की एक नामी रैली रेसिंग टीम बन गई है, जो गर्व के साथ दुनिया के मंच पर भारत का नाम रोशन कर रही है। यह मौका हमारी पुरानी कामयाबियों का जश्न मनाने के साथ-साथ आगे की राह भी साफ तौर पर दिखाता है।
एएसओ के साथ हमारी साझेदारी का नवीनीकरण यह दिखाता है कि हम वैश्विक रैली रेसिंग से जुड़े रहने के लिए पूरी तरह गंभीर हैं। और हमारा 'इंडियाज़ नेक्स्ट डाकर हीरो' कार्यक्रम इस भरोसे से निकला है कि भारत में मोटरस्पोर्ट्स की बहुत बड़ी प्रतिभा छिपी हुई है, जिसे सिर्फ सही मौका और सही ट्रेनिंग चाहिए। श्लोक घोरपड़े को टीम में लेकर हम भारतीय राइडर्स के लिए एक भरोसेमंद रास्ता बनाना चाहते हैं,ताकि वे दुनिया के सबसे बड़े मंचों पर मुकाबला कर सकें और जीत सकें। ये तीनों कदम मिलकर भारत के लिए एक मजबूत और टिकाऊ रैली-रेड विरासत बनाने की हमारी कोशिश का अगला हिस्सा हैं।"
हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली की शुरुआत हीरो मोटोकॉर्प ने 2016 में की थी। मकसद था - दुनिया के सबसे मुश्किल इलाकों में अपनी तकनीक को परखना और अंतरराष्ट्रीय रैली सर्किट में भारत की पहचान बनाना। तब से टीम ने डाकर रैली और एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियनशिप जैसे बड़े मुकाबलों में हिस्सा लेकर खुद को दुनिया की अग्रणी रैली-रेड टीमों में शामिल कर लिया है। पिछले दस साल में टीम ने कई बार पोडियम तक पहुंचकर और बड़ी जीतें दर्ज करके भारत का नाम वैश्विक रैली रेसिंग के नक्शे पर मजबूती से दर्ज किया है।
लंबे समय की वैश्विक साझेदारी को नई ताकत
रैली-रेड रेसिंग के भविष्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए हीरो मोटोकॉर्प ने अमौरी स्पोर्ट ऑर्गनाइजेशन (एएसओ) के साथ अपनी साझेदारी पांच साल के लिए बढ़ा दी है। इस फैसले से साफ है कि हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली और एएसओ, दोनों इस खेल को दुनिया भर में आगे ले जाना चाहते हैं और नई रैली प्रतिभाओं को बेहतर मौके देना चाहते हैं।
'इंडियाज़ नेक्स्ट डाकर हीरो' (आईएनडीएच) की शुरुआत
रैली-रेड में दस साल के अनुभव और हीरो मोटोकॉर्प के सफल राष्ट्रीय रेसिंग कार्यक्रमों के आधार पर हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली ने 'इंडियाज़ नेक्स्ट डाकर हीरो' (आईएनडीएच) शुरू किया है। इस कार्यक्रम का मकसद है भारत के युवा ऑफ-रोड रेसिंग टैलेंट को पहचानना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय रैली-रेड मंच तक पहुंचाना। इसमें शामिल होने वाले रेसर्स को दो से तीन साल तक कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना होगा,जिसमें राइडिंग तकनीक, नेविगेशन, शारीरिक तैयारी और सहनशक्ति बढ़ाने पर खास ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय रैली रेसिंग के सबसे ऊंचे स्तर पर मुकाबला कर सकें।
यह कार्यक्रम हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली के मौजूदा राइडर ट्रेनिंग सिस्टम को और मजबूत बनाता है, जो टीम के दस साल के वैश्विक रैली अनुभव का इस्तेमाल करके आने वाले चैंपियंस को तैयार करता है। इस सफर का पहला बड़ा कदम सितंबर 2025 में उठा, जब राष्ट्रीय रेसिंग के दिग्गज अरुण थयाप्पा ने स्पेन में हुई सिएर्जो रैली में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। उन्होंने 'हीरो 450 रैली' प्रोटोटाइप बाइक से दौड़ लगाई, और यह भारतीय मोटरस्पोर्ट के लिए एक ऐतिहासिक पल बन गया।
श्लोक घोरपड़े हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली से जुड़े
अपनी लंबी अवधि की टैलेंट डेवलपमेंट रणनीति के तहत हीरो मोटोस्पोर्ट्स ने महाराष्ट्र के सतारा निवासी 18 साल के श्लोक घोरपड़े को टीम में शामिल किया है। श्लोक ने नेशनल इंडिया सुपरक्रॉस सर्किट में अपना दबदबा कायम रखा है - उन्होंने हर बड़ा खिताब जीता और इंडिया सुपरक्रॉस लीग में सबसे तेज राष्ट्रीय रेसर बनकर अपना सफर पूरा किया। टीम में शामिल होने के बाद श्लोक ने एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियन रॉस ब्रांच और टीम के मुख्य राइडर्स के साथ ट्रेनिंग शुरू कर दी है। डाकर रैली की तैयारी के तहत वे एक गहन रेस सिमुलेशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली अब अपने दूसरे दशक में कदम रख चुकी है, और ये तीनों कदम साथ मिलकर एक बात साफ बताते हैं - हीरो मोटोकॉर्प भारतीय मोटरस्पोर्ट को आगे बढ़ाने, अपनी वैश्विक रैली मौजूदगी मजबूत करने और भारतीय राइडर्स की आने वाली पीढ़ियों को दुनिया के सबसे बेहतरीन रेसर्स के सामने खड़ा करने के लिए पूरी तरह कमर कस चुकी है।