जिले की आठ उपखण्ड मुख्यालयों पर आयोजित होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
श्रीगंगानगर। जिले में युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार “नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान” के तहत जिले की विभिन्न उपखण्ड मुख्यालयों पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में राजस्थानी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नशा मुक्ति पर आधारित नाटक, मोटिवेशनल कॉमेडी शो, प्रेरणादायक संदेश एवं संगीतमय प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। कार्यक्रमों का संचालन लोकप्रिय कॉमेडियन श्री ख्याली सहारण एवं उनकी टीम द्वारा किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत सादुलशहर में 3 जुलाई 2026 (शुक्रवार), श्रीकरणपुर में 6 जुलाई 2026 (सोमवार), पदमपुर में 8 जुलाई 2026 (बुधवार) रायसिंहनगर में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार), सूरतगढ़ में 13 जुलाई 2026 (सोमवार), विजयनगर में 15 जुलाई 2026 (बुधवार), अनूपगढ़ में 16 जुलाई 2026 (गुरुवार), घड़साना में 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में सहयोग सुनिश्चित करें। अभियान के तहत तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों को आयोजन टीम के लिए आवश्यक साजो-सामान एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय संगठनों एवं प्रायोजकों से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।
इसके अलावा कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सहयोग के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशा मुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक श्रीगंगानगर के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है।