उदयपुर। मंगलवार को झाड़ोल की ग्राम पंचायत मोहम्मद फलासिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने लोगों के द्वार तक पहुंचकर अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया।
शिविर की शुरुआत में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आए। इस दौरान वर्षों से अपने आशियाने के कानूनी मालिकाना हक का इंतजार कर रहे पांच परिवारों का सपना पूरा हुआ। त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री मांगीलाल, श्री राजेन्द्र, श्री नवलराम, श्री बदा और श्री देवलाल को उनके मकानों के सरकारी पट्टे सौंपे गए। इससे उनके परिवारों को स्थायी सुरक्षा और भविष्य के प्रति भरोसा मिला।
शिविर में सामाजिक सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई। सत्यापन या तकनीकी कारणों से अटकी पेंशन संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। श्रीमती अबली, श्रीमती अम्बावी और श्रीमती कानकी सहित कई महिलाओं का पेंशन सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
तीन विभागों के समन्वय से मिला पेंशन का लाभ
शिविर में एक विशेष मामला श्रीमती धर्मी बाई का सामने आया, जिनकी पेंशन लंबे समय से तकनीकी कारणों के चलते रुकी हुई थी। जांच के दौरान पाया गया कि ई-मित्र पर मोबाइल नंबर अपडेट नहीं था और जनाधार कार्ड में वार्षिक आय का अद्यतन भी लंबित था। इसके बाद पंचायत राज विभाग, सांख्यिकी विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनकी वार्षिक आय अद्यतन करवाई और पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करवाई। परिणामस्वरूप, लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान हो गया और उन्हें पेंशन का लाभ मिलना सुनिश्चित हुआ।
एक ही दिन में पांच परिवारों को सुरक्षा, बुजुर्गों को मिला सहारा
मोहम्मद फलासिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर इस बात का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया कि संवेदनशील प्रशासन और विभागों के बेहतर समन्वय से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव है। एक ही दिन में पांच परिवारों को आवासीय सुरक्षा का आधार मिला और कई बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन का सहारा प्राप्त हुआ। लाभार्थियों ने राज्य सरकार की जनहितकारी सोच, ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रभावी व्यवस्था और प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।