भीमगंजमंडी में हाट रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर उठे सवाल, स्थानीय दुकानदारों ने लगाया भेदभाव का आरोप

( 350 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Jun, 26 16:06

के डी अब्बासी 

भीमगंजमंडी में हाट रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर उठे सवाल, स्थानीय दुकानदारों ने लगाया भेदभाव का आरोप

कोटा। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर नगर निगम की टीम ने मंगलवार को भीमगंजमंडी हाट रोड क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध टीन शेड निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई अतिक्रमण हटाए तथा होर्डिंग जब्त किए। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में आगे भी अभियान जारी रहेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह शिकायत सेना द्वारा की गई है। बताया जाता है कि इस सड़क पर शाम को निकलना मुश्किल हो जाता। इस सड़क से सेना के बच्चों वाहन के वाहन आते जाते हैं। अतिक्रमण के कारण उनके वाहनों को निकालने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र नागर, अतिक्रमण प्रभारी अजर अहमद सहित निगम का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कई दुकानदारों का आरोप है कि अभियान में भेदभाव बरता गया। उनका कहना है कि जिन लोगों ने वास्तव में सड़क और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि कुछ ऐसे दुकानदारों के चबूतरे तोड़ दिए गए जिनका कोई अतिक्रमण नहीं था।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कराए और सभी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई करे, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार एवं शिकायत के आधार पर की गई है।
क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है तथा प्रभावित दुकानदार निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.