कोटा। नवीन आपराधिक कानूनों के तहत मॉडल जिले की समीक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने पर थाना जवाहरनगर के थानाधिकारी रामलक्ष्मण गुर्जर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा सम्मानित किया गया है।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक तेजस्नी गौतम द्वारा जारी आदेश के अनुसार मॉडल जिले की समीक्षा के लिए निर्धारित 12 बिंदुओं में से ई-साक्ष्य श्रेणी के अंतर्गत 31 मई 2026 तक की समीक्षा में थाना जवाहरनगर की कार्यवाही जिले में उत्कृष्ट पाई गई। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर थानाधिकारी रामलक्ष्मण गुर्जर को 1,100 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने अपने आदेश में कहा कि नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और ई-साक्ष्य संबंधी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन सराहनीय है। इस उपलब्धि से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
यह सम्मान पुलिस विभाग में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्य प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए दिया गया है, जो अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।