स्वामित्व योजना का सपना हुआ साकार, प्रोपर्टी कार्ड पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे

( 331 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Jun, 26 18:06

स्वामित्व योजना का सपना हुआ साकार, प्रोपर्टी कार्ड पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे

       जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशन में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन को त्वरित राहत एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत तनोट मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को प्रोपर्टी कार्ड वितरित किए गए।

      शिविर में राज्य पर्यवेक्षक सुनिता हरितवाल, तहसीलदार महेन्द्रसिंह, अतिरिक्त विकास अधिकारी गणपतलाल, प्रशासक सरपंच केंकू देवी, ग्राम विकास अधिकारी उम्मेदसिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया एवं उन्हें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

      शिविर के दौरान ग्राम रणाऊ, ग्राम पंचायत तनोट निवासी कोजराजसिंह, बाबूसिंह एवं शिवनाथसिंह को स्वामित्व योजना के तहत प्रोपर्टी कार्ड प्रदान किए गए। वर्षों से अपने आवासीय स्वामित्व के प्रमाणिक दस्तावेज की प्रतीक्षा कर रहे इन लाभार्थियों को जब प्रोपर्टी कार्ड प्राप्त हुए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।

     लाभार्थियों ने बताया कि प्रोपर्टी कार्ड मिलने से उनकी संपत्ति का वैधानिक रिकॉर्ड सुनिश्चित हुआ है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के स्वामित्व संबंधी विवाद की संभावना कम होगी तथा उन्हें विभिन्न सरकारी एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सुविधा मिलेगी।

      कोजराजसिंह, बाबूसिंह एवं शिवनाथसिंह ने राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने शिविर में त्वरित कार्यवाही एवं मौके पर समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

     स्थानीय ग्रामीणों ने भी ग्रामीण सेवा शिविरों को जनहितकारी बताते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.