जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत हड्डा में एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई। शिविर ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कर उनके जीवन में नई उम्मीद और विश्वास का संचार किया।
शिविर के दौरान जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से कई महत्वपूर्ण कार्य मौके पर ही संपन्न हुए।
पशुपालक बाबूलाल के चेहरे पर लौटी मुस्कान
ग्राम पंचायत हड्डा के पशुपालक बाबूलाल लंबे समय से अपने पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा उन्हें मंगला पशु बीमा योजना के तहत उनकी 10 बकरियों के लिए एक वर्ष की निःशुल्क बीमा पॉलिसी प्रदान की गई।
बीमा प्रमाण-पत्र प्राप्त करते ही बाबूलाल की खुशी देखते ही बनती थी। उन्होंने कहा कि पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और किसी भी दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में पशु हानि उनके लिए बड़ी आर्थिक समस्या बन सकती थी। अब बीमा सुरक्षा मिलने से उन्हें भविष्य की चिंता से राहत मिली है। उन्होंने राज्य सरकार और पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब पशुपालकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
वर्षों पुराना भूमि विवाद हुआ समाप्त
शिविर में राजस्व विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पदमाराम, मोकाराम, दीनाराम, भाखराराम एवं हुकमाराम की संयुक्त कृषि भूमि का मौके पर ही बंटवारा कर दिया। लंबे समय से लंबित इस मामले के समाधान से सभी किसानों को बड़ी राहत मिली।
भूमि बंटवारे के प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अपनी-अपनी भूमि पर स्वतंत्र रूप से कृषि कार्य कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान शिविर में कुछ ही समय में हो गया, जिससे उनका प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
सुशासन का सशक्त उदाहरण
ग्राम पंचायत हड्डा में आयोजित यह शिविर केवल योजनाओं के लाभ वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच भी बना। 22 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला।
ग्रामीणों ने राज्य सरकार की ष्सुशासन आपके द्वारष् की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है और प्रशासन एवं आमजन के बीच विश्वास का संबंध मजबूत हो रहा है।
ग्राम पंचायत हड्डा का यह शिविर इस बात का जीवंत उदाहरण बन गया कि जब प्रशासन संवेदनशीलता, तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करता है, तो सुशासन वास्तव में आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लेकर आता है।