श्रीगंगानगर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, श्रीगंगानगर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस (26 जून 2026) के उपलक्ष्य में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइकिल रैली एवं पैदल मार्च का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 26 जून, शुक्रवार को सुबह 6ः30 बजे किया जाएगा। रैली एवं मार्च का शुभारंभ महाराजा गंगासिंह चौक से होगा तथा समापन नेहरू पार्क, श्रीगंगानगर में किया जाएगा।
साइकिल रैली निर्धारित मार्ग से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नेहरू पार्क पहुंचेगी, वहीं पैदल मार्च भी निर्धारित मार्ग पर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश देगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर “नशा मुक्त भारत - स्वस्थ समाज, सुरक्षित भविष्य” के संकल्प को सशक्त बनाने का आह्वान किया है।