जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को 10 ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर

( 299 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Jun, 26 06:06

ग्रामीणजन अधिकाधिक उठाएं शिविर का पूरा लाभ
      जैसलमेर।
राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्र के आमजन को उनके गांव में ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से संचालित ’’ग्रामीण सेवा शिविर अभियान-2026’’ के तहत जिले में सोमवार, 29 जून को 10 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर लगेगें। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
      जिला स्तरीय नोडल शिविर प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी ने बताया कि शिविर कार्यक्रमों के अनुसार सोमवार, 29 जून को बासनपीर जूनी, खींवसर, शाहगढ़, कोलूतला, सीतोड़ाई, नरसींगो की ढ़ाणी, खेतोलाई, पांचे का तला, रातड़िया एवं  चानणी मेघासर,  में शिविर लगेगें। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होंगे।
      अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि शिविरों में राजस्व अभिलेखों एवं खातों के शुद्धिकरण, नामांतरण (म्यूटेशन), खातों के विभाजन, सीमाज्ञान, रास्ता संबंधी प्रकरणों के निस्तारण, खातेदारी अधिकार प्रदान करने, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, सरकारी एवं चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
      इसके अतिरिक्त ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र परिवारों को लाभान्वित करने, वीबी-जी राम जी योजना के प्रचार-प्रसार तथा स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं बैंक लिंकेज को बढ़ावा देने के कार्य किए जाएंगे। पंचायती राज विभाग द्वारा स्वच्छता संबंधी कार्यों, व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृतियों, भूखण्ड आवंटन, पट्टा वितरण तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसी प्रकार वन विभाग द्वारा वन भूमि संबंधी प्रकरणों का निस्तारण एवं पौधों का निःशुल्क वितरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच, कैंसर एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी जांच, टीकाकरण तथा आयुष्मान भारत कार्ड वितरण किया जाएगा। वहीं पशुपालन विभाग पशु स्वास्थ्य शिविर, पशु टीकाकरण एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसियों का वितरण करेगा।
     अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित ग्राम पंचायतों के सभी ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में शिविरों में उपस्थित रह कर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं एवं राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का पूरा लाभ उठाएं।
     शहर क्षेत्र में इन वार्डो के लिए शिविर सोमवार एवं मंगलवार को
     शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 कार्यक्रमों के आयोजन की कड़ी में सोमवार 29 एवं मंगलवार 30 जून को जैसलमेर नगरपरिषद के वार्ड संख्या 23, 24, 25, 26 व 27 के लिए नगरपरिषद सभागार में शिविर आयोजित होगा।
    नगर परिषद आयुक्त, लजपाल सिंह सोढा ने शहरी क्षेत्र के संबंधित वार्डो के सभी नागरिको से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंच कर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का पूरा लाभ उठाएं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.