ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन को मिली त्वरित राहत, मौके पर हुए समाधान

( 413 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Jun, 26 18:06

जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित सेवा शिविरों में समस्याओं का समाधान पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे

ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन को मिली त्वरित राहत, मौके पर हुए समाधान

उदयपुर। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत गुरुवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को बारापाल तहसील की ग्राम पंचायत खरपीणा, कुराबड़ की वल्लभ, बड़गांव की बड़ी, मावली की नामरी एवं सालेराकलां, वल्लभनगर की मेनार, कानोड़ की सालेड़ा, गोगुंदा की जसवंतगढ़, सायरा की पादराडा, झाड़ोल की अटाटिया एवं पीलक, फलासिया की सडा, खेरवाड़ा की लराठी, नयागांव की नयागांव, ऋषभदेव की परेड़ा तथा कोटड़ा की नयावास, खुणा एवं जोगीवाड़ ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए, जहां आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया गया।
आवेदन, सत्यापन और स्वीकृति एक ही दिन
खेरवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लराठी में आयोजित शिविर के दौरान लक्ष्मणलाल मीणा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र पाए गए, लेकिन उन्होंने अब तक योजना के लिए आवेदन नहीं किया था। शिविर प्रभारी विकास अधिकारी मदनलाल एवं तहसीलदार रेवाराम भील के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सूचना सहायक नर्गिस बानू ने तत्काल राजएसएसपी एप के माध्यम से उनका आवेदन दर्ज किया। इसके बाद मौके पर ही सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर विकास अधिकारी स्तर से स्वीकृति जारी की गई और उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में आवेदन, सत्यापन और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी होने से लाभार्थी ने खुशी जताई।
आपसी सहमति से हुआ भूमि बंटवारा
ऋषभदेव तहसील की ग्राम पंचायत परेड़ा में आयोजित शिविर के दौरान पटवार मंडल कोजावाड़ा के राजस्व ग्राम परेड़ा में खाता संख्या 167 की 0.55 हेक्टेयर भूमि का खातेदारों के मध्य आपसी सहमति से बंटवारा कराया गया। राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में सभी पक्षों की सहमति से प्रकरण का निस्तारण होने पर लंबे समय से लंबित विवाद का समाधान हो गया।
मावली शिविर में राजस्व प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण
मावली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नामरी एवं सालेराकलां में आयोजित शिविरों के दौरान राजस्व विभाग ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए ई-धरती पोर्टल पर 22 नामांतरण दर्ज किए। इसके अलावा आपसी सहमति से 5 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 28 राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण किया गया। तीन रास्ता संबंधी प्रकरणों का भी मौके पर समाधान किया गया।
पशुपालकों को योजनाओं का लाभ
मावली क्षेत्र के शिविरों में 23 पशुपालकों को पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविरों में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविरों के दौरान उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाड़िया, तहसीलदार दिनेश कुमार यादव, विकास अधिकारी शैलेन्द्र पी. खींची सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान सुनिश्चित किया तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.