जिले के नेत्रदानी परिवार होंगे सम्मानित,आई बैंक सोसायटी- बीबीजे चैप्टर और रोटरी क्लब करेगा सम्मान

( 341 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Jun, 26 18:06

मानवता की मिसाल बने,नेत्रदानी परिवारों का होगा सम्मान

जिले के नेत्रदानी परिवार होंगे सम्मानित,आई बैंक सोसायटी- बीबीजे चैप्टर और रोटरी क्लब करेगा सम्मान

बूंदी। नेत्रदान के माध्यम से दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में प्रकाश का संचार करने वाले प्रेरणादायी नेत्रदानी परिवारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से,आई बैंक सोसायटी- बीबीजे चैप्टर,रोटरी क्लब, बूंदी एवं शाइन इंडिया फाउंडेशन,कोटा के संयुक्त तत्वावधान में "नेत्रदानी परिजन सम्मान समारोह" का आयोजन 28 जून 2026 (रविवार) को रोटरी क्लब सभागार, बूंदी में किया जाएगा। इसमें वर्ष जनवरी 2025 से जून 2026 तक हुए, नेत्रदाताओं का सम्मान किया जाएगा ।

इस समारोह में बूंदी जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के उन परिवारों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा, जिन्होंने अपने दिवंगत परिजनों की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान करवाकर मानवता की अनुपम सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रत्येक नेत्रदानी परिवार को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में सम्माननीय अतिथि के तौर पर विधायक बूंदी श्री हरि मोहन जी शर्मा,शहर जिला कलेक्टर श्री हर फूल सिंह यादव,शहर पुलिस अधीक्षक अवनिश शर्मा, जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, अध्यक्ष शहरी विकास बैंक श्री सत्येश शर्मा उपस्थित होंगे ।

रोटरी क्लब, बूंदी के अध्यक्ष श्री ऋतुराज दाधीच ने कहा कि "नेत्रदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अंधकारमय जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद का संचार करने वाला सबसे महान मानवीय कार्य है। ऐसे परिवार समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका सम्मान हमारा नैतिक दायित्व है।"

प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री चंद्र प्रकाश सेठी ने बताया कि "यह सम्मान समारोह समाज में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा तथा अधिक से अधिक लोगों को मृत्यु उपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करेगा।"

शाइन इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौड़ ने बताया कि "एक नेत्रदाता मृत्यु के बाद भी दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नई दृष्टि प्रदान कर सकता है। नेत्रदानी परिजनों का यह सम्मान समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।"

आयोजकों ने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, शिक्षकों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस प्रेरणादायी समारोह में उपस्थित होकर नेत्रदानी परिवारों का उत्साहवर्धन करने तथा नेत्रदान के महाअभियान को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की है।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.