उदयपुर । आर्य समाज हिरण मगरी के छः दिवसीय बाल संस्कार शिविर के चौथे दिन आत्म रक्षा प्रशिक्षक उर्वशी शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को आत्म रक्षा प्रशिक्षण सत्र में बचाव हेतु विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास करवाया । वैदिक पुरोहित भूपेंद्र शर्मा द्वारा लिये यज्ञ प्रशिक्षण सत्र से आरम्भ शिविर में गीताव्रती राजू जोशी ने श्रीमद् भगवद गीता संदेश अनुशासन, निरन्तर प्रयास करना, समय का पालन आदि दस जीवन मंत्रों का समावेश किया। दुर्गा कुमावत द्वारा वेद मंत्र पाठ अभ्यास, कशिश टेलर द्वारा भजन का अभ्यास और शकुंतला माहेश्वरी ने प्रेरक कहानी सुनाई। शिक्षाविद बेला सिसोदिया ने पढ़ने लिखने का नाटकीय शैली में प्रेरक सत्र लिया। रमेश चन्द्र चौहान द्वारा रोचक खेलों के माध्यम से श्रेष्ठ संस्कारों का संदेश दिया।शिविर की व्यवस्था में चन्द्र कला आर्या, भंवर लाल आर्य और संजय शांडिल्य द्वारा सहयोग किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य बच्चों को श्रेष्ठ संस्कारों से सुयोग्य नागरिक बनाना है। शिविर का समापन रविवार को गुलाब बाग स्थित नवलखा महल सांस्कृतिक केंद्र के शैक्षणिक भ्रमण के साथ संपन्न होगा।