मेवाड़ के अमर वीर अर्चित वर्डिया को लेह में श्रद्धांजलि, सिन्धु दर्शन यात्रा दल ने किया नमन

( 242 बार पढ़ी गयी)
Published on : 26 Jun, 26 14:06

मेवाड़ के अमर वीर अर्चित वर्डिया को लेह में श्रद्धांजलि, सिन्धु दर्शन यात्रा दल ने किया नमन


उदयपुर, सिन्धु दर्शन यात्रा के अंतर्गत उदयपुर से लेह पहुँचे 230 श्रद्धालुओं के प्रतिनिधिमंडल ने मेवाड़ के वीर सपूत एवं शहीद लेफ्टिनेंट अर्चित वर्डिया की स्मृति को नमन करते हुए हॉल ऑफ फेम स्थित उनके स्मारक पर विशेष अनुमति लेकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व संजय भंडारी ने किया।
इस अवसर पर अशोक मेहता, राकेश सिसोदिया, सुरेश जैन, हुकुम सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्मारक स्थल पर उपस्थित सभी श्रद्धालु देशभक्ति और गौरव की भावना से अभिभूत नजर आए।
हिमालय परिवार के प्रदेश महामंत्री एवं सिन्धु दर्शन यात्रा के राजस्थान प्रभारी अरविन्द जारोली ने बताया कि श्रद्धांजलि अर्पित करते समय कई श्रद्धालु भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मेवाड़ की पावन धरा ने देश को ऐसा वीर योद्धा दिया, जिसने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की अद्वितीय मिसाल कायम की।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 में उदयपुर निवासी दिनेश वर्डिया एवं श्रीमती बीना वर्डिया के सुपुत्र लेफ्टिनेंट अर्चित वर्डिया सियाचिन ग्लेशियर में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान आग की चपेट में आए अपने दो साथियों को बचाने का प्रयास करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनका अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
सिन्धु दर्शन यात्रा दल द्वारा दी गई यह श्रद्धांजलि न केवल शहीद अर्चित वर्डिया के बलिदान को स्मरण करने का अवसर बनी, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का भी प्रतीक रही।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.