उदयपुर। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर डाकन कोटड़ा स्थित आरोग्य सेवा संस्थान में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे प्रति जागरूक किया गया साथ ही उन्हें नशा छोड़ने एवं समाज निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हर्षित कुमार पंचोली ने उपस्थित जनों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हरे कृष्णा मूवमेंट के अमेयात्मा कृष्ण दास ने आध्यात्मिक जीवन, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक चिंतन के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण पर अपने विचार व्यक्त किए तथा युवाओं को जीवन में अच्छे संस्कार एवं आत्मसंयम अपनाने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के नरपत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।