उदयपुर। उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (यूसीसीआई) के तत्वावधान में संचालित वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर पर सोलर पीवी टेक्नीशियन एवं पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।
यूसीसीआई के अध्यक्ष श्री संदीप बाफना ने प्रशिक्षण केंद्र का दौरा कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से परिचर्चा की। उन्होंने प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें, जिससे वे अपने कौशल को विकसित कर बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिभागी पुस्तिका (Participants Handbook) का भी वितरण किया गया।
केंद्र पर वर्तमान में तीन प्रमुख कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके अंतर्गत 12वीं पास एवं स्नातक युवाओं को लॉजिस्टिक्स सेक्टर, फाइनेंस सेक्टर तथा सोलर पीवी टेक्नीशियन ट्रेड में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर उद्योगों में सुनिश्चित रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, भारत सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर क्षेत्र में कार्यरत तकनीशियन क्षेत्र में कार्य का अनुभव रखने वाले कार्मिकों के लिए 7 दिवसीय निःशुल्क अपस्किलिंग प्रशिक्षण भी संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में भाग लेने वाले पात्र प्रतिभागियों को 500/- रुपये प्रतिदिन की प्रोत्साहन राशि भी सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन टीयूवी राइनलैंड द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर रीजनल मैनेजर श्री लोकेन्द्र पण्ड्या एवं केंद्र प्रभारी श्री तेज कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार के अवसरों तथा प्रशिक्षण से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से इन निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।