राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

( 315 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 Jun, 26 09:06

राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, गुणवत्तापूर्ण गिरदावरी एवं जनसुनवाई के प्रभावी समाधान के दिए निर्देश
श्रीगंगानगर।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, राजस्व न्यायालयों के कार्यों की नियमित समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण गिरदावरी तथा आमजन से जुड़े प्रकरणों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
 जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए तथा न्यायालयों में अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
 बैठक में डीसीएस, गिरदावरी, फार्म एवं रजिस्ट्री की पेंडिंग बकेट की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने ग्रामीण सेवा शिविरों में अधिक से अधिक फार्मर आईडी बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंडिंग बकेट क्लेम प्रोग्रेस रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए शिविरों में इसकी प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की प्रगति, सीमा ज्ञान आवेदनों तथा निरस्त एवं निस्तारित आवेदनो की भी समीक्षा की गई।
 उन्होंने सभी तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र में इजराय रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आपसी सहमति से विभाजन के प्रकरणों, विचाराधीन विभागीय जांचों की प्रगति तथा 17 सीसीए एवं 16 सीसीए सहित अन्य लंबित अनुशासनात्मक प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
 जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई, राजस्थान संपर्क पोर्टल, सीएमओ, दैनिक जनसुनवाई  तथा अन्य ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण बिना उचित कारण के लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
 बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए हिट एंड रन मोटर एक्सीडेंट स्कीम के अंतर्गत आर्थिक सहायता से संबंधित लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने तथा उन्हें प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
 जिला कलक्टर ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान सभी अधिकारी एक्टिव मोड में कार्य करें तथा बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ें। उन्होंने ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविर तभी सफल होंगे जब आमजन को वास्तविक राहत एवं त्वरित सेवाएं प्राप्त हों।
 बैठक में भूमि आवंटन, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, रिकॉर्ड संधारण, ई-फाइलों के समयबद्ध निस्तारण, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने तथा राज्य सरकार व भारत सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री सुभाष कुमा, अतिरिक्त जिला कलक्टर सूरतगढ, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.