शहर के खेल इतिहास में नया अध्याय : गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास का भूमि पूजन

( 776 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 Jun, 26 11:06

शहर के खेल इतिहास में नया अध्याय : गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास का भूमि पूजन

हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

विश्वस्तरीय सुविधाओं से जिले की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

चित्तौड़गढ़। शहरवासियों और खेल प्रेमियों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा शनिवार को उस समय पूरी हुई जब ऐतिहासिक गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। हिन्दुस्तान जिंक एवं नगर परिषद के संयुक्त सहयोग से लगभग 1 साल में विकसित होने वाला यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में नई पहचान बनाएगा।

सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू तथा हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर विकास कार्य का शुभारम्भ किया।

 

खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी ने कहा कि लंबे समय से खिलाड़ी बेहतर खेल सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे थे और इस दौरान आई असुविधाओं के लिए वे खिलाड़ियों से क्षमा भी प्रार्थी हैं। उन्होंने कहा कि गोरा बादल स्टेडियम हमेशा शहर की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है तथा इसके पुनर्विकास के बाद यह देश के उत्कृष्ट खेल परिसरों में शामिल होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेडियम में वीर योद्धा गोरा-बादल की शौर्यगाथा का भी चित्रण किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने हिन्दुस्तान जिंक एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्टेडियम शहर और जिले के खिलाड़ियों के लिए नई सौगात सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह परिसर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। साथ ही उन्होंने जिले के विकास में हिन्दुस्तान जिंक की भूमिका की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग जारी रहने की अपेक्षा व्यक्त की।

 

हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने कहा कि वीरभूमि चित्तौड़गढ़ से जुड़ना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि चित्तौड़ के शौर्य और बलिदान की गाथाएं देशभर के लोगों को प्रेरित करती रही हैं और गोरा-बादल के नाम पर विकसित होने वाला यह स्टेडियम नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान जिंक क्षेत्र के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी जिले के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विश्वस्तरीय स्टेडियम की परिकल्पना की गई है। उन्होंने हिन्दुस्तान जिंक द्वारा सीएसआर के तहत इस परियोजना को हाथ में लेने की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे खिलाड़ियों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन खेलों के साथ-साथ युवाओं की शैक्षणिक प्रगति के लिए भी डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित कर रहा है।

इसके पश्चात हिन्दुस्तान जिंक के आईबीयू हेड आलोक रंजन ने कहा कि स्टेडियम का जीर्णोद्धार कर उसे विश्वस्तरीय स्वरूप देना संतोष का विषय है। उन्होंने बताया कि युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लंबे समय से इस परियोजना पर कार्य किया जा रहा था। कंपनी का प्रयास है कि ऐसा खेल परिसर विकसित हो, जिसका वास्तविक लाभ खिलाड़ियों और आमजन को लंबे समय तक मिल सके।

 

वेदांता समूह की सीएसआर हेड अनुपम निधि ने परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि हिन्दुस्तान जिंक की सीएसआर पहल के अंतर्गत यह परियोजना जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

इस अवसर पर वेदांता लिमिटेड की सीएसआर हेड अनुपम निधि, हिन्दुस्तान जिंक के सीओओ किशोर एस, सीईओ स्मेल्टर लीलाधर पाटीदार, सीएसआर हेड सुंदर राज नायडू, यूआईटी सचिव एवं नगर परिषद प्रशासक कैलाश गुर्जर, रतन गाडरी, सुशील शर्मा, सुरेश झंवर, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, गौरव त्यागी, अनिल ईनाणी, हरीश ईनाणी, शैलेन्द्र झंवर, ओम शर्मा, नवीन पटवारी, भोलाराम प्रजापत,संजू लड्ढा, मनोज पारीक, दीपक शर्मा, आशिष शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर विकसित होगा गोरा बादल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

गोरा बादल स्टेडियम को अंतर्राष्ट्रीय एवं आधुनिक खेल सुविधा मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। परियोजना का डिजाइन दीर्घकालिक सामुदायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसके अंतर्गत स्टेडियम का चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय खेल परिसर के रूप में विकास किया जाएगा। यह परिसर प्रशिक्षण, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, टूर्नामेंटों तथा अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा।

 

खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक फुटबॉल मैदान के साथ जॉगिंग एवं वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा के लिए युवा एवं युवतियों हेतु पृथक चेंजिंग रूम, स्वच्छता सुविधाएं, पर्याप्त पार्किंग एवं आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जाएगी।

 

सुरक्षा, ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान

स्टेडियम परिसर में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, हाई मास्ट लाइटिंग तथा सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, संपर्क सड़कों का विकास तथा चारदीवारी एवं प्रवेश-निकास द्वारों का नवीनीकरण भी किया जाएगा, जिससे यह परिसर आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल खेल केंद्र के रूप में विकसित हो सके।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.