सिन्धी समाज का यूपीएससी मार्गदर्शन शिविर रविवार को

( 531 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 Jun, 26 17:06

देश की सर्वाेच्च प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए युवाओं को मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

सिन्धी समाज का यूपीएससी मार्गदर्शन शिविर रविवार को

उदयपुर। युवाओं को देश की सर्वाेच्च प्रशासनिक एवं राजकीय सेवाओं में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित करने तथा उन्हें सही दिशा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसएसडी उदय अकादमी, नागपुर (राजस्थान शाखा) द्वारा रविवार को उदयपुर में यूपीएससी मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को परीक्षा की रणनीति, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, इंटरव्यू की तैयारी एवं प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अकादमी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्य मंत्री हरीश राजानी ने बताया कि कार्यक्रम में उदयपुर की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि राजसमंद के कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा मुख्य अतिथि होंगे। दोनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के अनुभव एवं प्रेरणादायी विचार युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे तथा उन्हें सिविल सेवा की तैयारी और प्रशासनिक जीवन की वास्तविक चुनौतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में योग्य एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित प्रशासनिक अधिकारियों की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह शिविर युवाओं को सही दिशा, उचित रणनीति एवं आत्मविश्वास प्रदान करेगा, जिससे वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ सकें।
हरीश राजानी ने यह भी बताया कि इस शिविर में केवल उदयपुर ही नहीं, बल्कि कटनी (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम बन गया है।
अकादमी की सचिव डॉ. दीपमाला चौधरी ने बताया कि अब तक 90 से अधिक युवाओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है। प्रतिभागियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह है और उन्हें अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
उदयपुर इकाई की अध्यक्ष शांता किशनानी ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में उदयपुर इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप छतवानी, उपाध्यक्ष लज्जा रामेजा, सचिव भारत पाहुजा, संगठन सचिव विष्णु मोटवानी सहित सभी पदाधिकारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। वहीं ज्ञानेंद्र ज्ञानी, कमलेश आहूजा, राजेश तलदार एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, अतिथि स्वागत एवं आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
अकादमी ने अधिक से अधिक युवाओं से इस मार्गदर्शन शिविर का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन सिविल सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए नई प्रेरणा, नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.