उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन की प्लैटिनम जुबली का भव्य शुभारंभ

( 906 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 Jun, 26 09:06

फतहसागर पर गूंजा ‘वॉक फॉर टैक्स, विन फॉर हेल्थ’ का संदेश

उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन की प्लैटिनम जुबली का भव्य शुभारंभ


उदयपुर। कर जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के 76वें स्थापना दिवस एवं प्लैटिनम जुबली समारोह का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय ऐतिहासिक आयोजन के पहले दिन शहर की पहचान फतहसागर झील की पाल पर ‘वॉक फॉर टैक्स, विन फॉर हेल्थ’ थीम आधारित वॉकथॉन का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।




एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए दीपक एरन ने बताया कि वॉकथॉन को मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के 75 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था करदाताओं और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रही है तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का यह संदेश समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। साथ ही टैक्स प्रोफेशनल्स से कार्यभार और मानसिक तनाव के बीच अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया।
वॉकथॉन में उदयपुर संभाग के बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स एडवोकेट्स, कंपनी सेक्रेट्रीज, कर सलाहकारों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फतहसागर की पाल पर सुबह से ही उत्सवी माहौल देखने को मिला। प्रतिभागी ‘हेल्थ इज वेल्थ’ और टैक्स जागरूकता से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां हाथों में लेकर कदमताल करते नजर आए।
सीए दीपक एरन ने बताया कि संस्था अपने 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को स्मरणीय बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कार्यक्रम के दौरान सीए महेश मेनारिया ने एरोबिक्स एवं फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों में ऊर्जा का संचार किया, वहीं सीए मुकेश बोहरा ने वॉकथॉन के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सीए अरुण रत्नावत, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष सीए अंकित जैन, उदयपुर टैक्स बार चैरिटेबल सोसाइटी के अध्यक्ष एडवोकेट दीपक प्रजापत, कार्यकारिणी सदस्य सीए पंकज नेवतिया, गिरीश बोहरा, सुनील सिंघल, सीए सविता गुप्ता, सीए सुधीर मेहता, सीए गौरव व्यास, सीए संगीता चंडालिया सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
एसोसिएशन के सचिव हातिम कांकरोलीवाला ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन 29 जून को ‘हेल्थ एवं टैक्स सेमिनार’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल होंगे। सेमिनार में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश पटेल तनाव प्रबंधन और हृदय स्वास्थ्य पर विशेष व्याख्यान देंगे, जबकि सीए निखिल मेहता नए कर प्रावधानों पर रोचक एवं ज्ञानवर्धक क्विज सत्र का संचालन करेंगे। इसके साथ ही संस्था में 25 एवं 50 वर्ष की सेवाएं पूर्ण करने वाले वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक सदस्यों का विशेष सम्मान भी किया जाएगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.